मेडिकल स्टोर पर छापामारी के दौरान जांच करते अधिकारी। स्रोत- स्वयं
बदायूं। जिले के मेडिकल स्टोर संचालक औषधि विभाग को गुमराह कर प्रतिबंधित कफ सिरप धड़ल्ले से बेच रहे हैं। शिकायत मिलने पर औषधि निरीक्षक (डीआई) ने मंगलवार को जिले के कई मेडिकल स्टोर पर छापे मारे। उन्होंने एक मेडिकल स्टोर से दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
औषधि निरीक्षक लवकुश कुमार ने बताया कि सुपकॉप कफ सिरप प्रतिबंधित है। शिकायत मिल रही थी कि कुछ मेडिकल स्टाेर संचालक यह सिरप चोरी छिपे बेच रहे हैं। उन्होंने बताया कि दातागंज क्षेत्र के बिलहत के मोहसमपुर के मैसर्स चांद मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
मेडिकल स्टोर के काउंटर पर मोहम्मद आरिफ ने स्वयं को औषधि विक्रय प्रतिष्ठान का स्वामी बताया। जांच में 25 सिरप खरीदने का प्रमाण मिला, लेकिन बेचने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। वहीं स्टॉक में सिर्फ दो मिले। टीम ने दोनों सिरप जांच के लिए सील कर प्रयोगशाला भेजे हैं।