सहसवान। दो दिन से लापता युवक का शव जंगल में बबूल के पकड़ पर लटका मिला। मृतक के परिवार वालों ने हत्या कर शव पेड़ पर लटकाए जाने आशंका जाहिर की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सहसवान कोतवाली के गांव रसूलपुर टप्पा मलसई के मजरा जमालपुर पिहरी निवासी 40 वर्षीय अवतारी पुत्र मदन लाल अविवाहित था। अवतारी दो दिन पहले घर से निकला था। इसके बाद नहीं लौटा। परिवार वालों ने काफी तलाश किया, उसका कोई सुराग नहीं लगा। उसके भाई ओमपाल ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार सुबह पुलिस ने अवतारी का शव ग्रामीणों की सूचना पर भवानीपुर-भज्जी की मढ़ैया के बीच से जंगल में बबूल के पेड़ पर लटकता हुआ बरामद किया। मृतक के परिवार वालों ने हत्या किए जाने के बाद शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। शव पर कंबल लपेटा हुआ था।