बदायूं। सहसवान और जरीफनगर इलाके में दो युवकों ने फंदे से लटककर जान दे दी। जरीफनगर इलाके में युवक दिल्ली से एक रिश्तेदार को बुलाने आया था। जब परिवार वालों ने उसे नहीं भेजा तो उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। जबकि सहसवान इलाके में पत्नी के न आने से परेशान युवक ने फंदे से लटककर जान दी। दोनों ही युवकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग (लटकने से मौत) की पुष्टि हुई है।
जरीफनगर। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सुंदर नगर निवासी 28 वर्षीय सत्यवीर दिल्ली दांदरी में रहकर खेतीबाड़ी कर रहा था। उसकी पत्नी सत्यवती और तीन बच्चे भी वहीं रहते हैं। बड़े भाई पप्पू के मुताबिक सत्यवीर बुधवार को दांदरी से अपनी रिश्तेदारी में जरीफनगर के एक गांव आया था। इस बारे में उसने परिवारवालों को नहीं बताया था। उन्हें देर रात सूचना मिली कि सत्यवीर का शव एक खेत में बने मचान से फंदे से लटका मिला है। इधर, पुलिस के मुताबिक सत्यवीर का एक महिला से प्रेमप्रसंग चल रहा था। सत्यवीर ने उसे ले जाने की बात कही थी। इस पर परिवारवालों ने पुलिस बुलाने और लिखापढ़त की बात कही। इससे सत्यवीर वहां से नाराज होकर चला गया और उसने खेत में जाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर उसका पोस्टमार्टम करा दिया। उसकी रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर खल्ली निवासी मुदस्सिर (35) ने बुधवार रात गांव के बाहर खेत में एक बबूल के पेड़ से फंदे पर लटककर जान दे दी। बृहस्पतिवार सुबह लोग उधर से गुजरे तब उन्होंने युवक का शव का फंदे से लटका देखा। सूचना पर गांव के कई लोग और उसके परिवारवाले पहुंच गए। कुछ देर बाद पुलिस भी आ गई। दोपहर के समय उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया। परिवार वालों के मुताबिक मुदस्सिर और उसकी पत्नी रिजवाना में विवाद चल रहा था। इससे रिजवाना नाराज होकर अपने मायके गांव में ही पिता हसरत के घर चली गई थी। जब रिजवाना मुदस्सिर के बुलाने पर नहीं आई तो उसने फंदे से लटककर जान दे दी।
लिखापढ़ी की बात से डर गया था सत्यवीर
सत्यवीर ने जरीफनगर के गांव में आने की सूचना अपने परिवारवालों को नहीं दी थी लेकिन कुछ लोग जानते थे कि उसके महिला से संबंध हैं। महिला के परिवारवालों को भी ये पता था। इसलिए उन्होंने पुलिस बुलाने को कहा था और लिखापढ़ी का बात कही। इससे सत्यवीर डर गया और फंदे से लटककर जान दे दी। चर्चा ये भी है कि इस संबंध में पुलिस चौकी पर बैठकर पंचायत भी हुई थी। पुलिस ही युवक को पकड़कर चौकी ले गई और चेतावनी देकर छोड़ दिया।
सहसवान और जरीफनगर के दोनों युवकों ने फंदे से लटककर जान दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सहसवान का युवक पत्नी के न आने से परेशान था। जबकि जरीफनगर में युवक के महिला से संबंध की बात सामने आ रही है। दोनों ही मामलों में परिवारों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
- प्रेम कुमार थापा, सीओ सहसवान