ककराला/बदायूं। अलापुर क्षेत्र के कस्बा ककराला में रविवार रात एक 13 वर्षीय किशोर ने फंदे पर लटककर जान दे दी। बात सिर्फ इतनी थी कि उसे स्कूटी ले जाने की जिद पर डांट दिया गया था। परिवार वाले उसे जिला अस्पताल ले गए थे लेकिन मृत्यु होने के बाद उसके शव को वापस घर ले गए। पुलिस को सूचना दे दी गई है।
ककराला के वार्ड नंबर 11 निवासी एक व्यापारी का बेटा रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे स्कूटी लेकर कस्बे में घूमने जा रहा था। इस पर उसके दूसरे बेटे ने एतराज किया। उसने स्कूटी ले जाने से मना किया। इससे दोनों भाइयों के बीच जमकर विवाद हुआ। परिवार वालों ने जैसे तैसे उन्हें समझाया लेकिन वह स्कूटी लेकर जाने पर अड़ा रहा। इस पर परिवार वालों ने उसे डांट दिया, जिससे गुस्से में आकर वह घर के अंदर चला गया और कमरे में जाकर फंदे पर लटक गया। चूंकि परिजनों की नजर उस पर थी, इसलिए उसी समय परिवार वालों को पता चल गया। उन्होंने तुरंत किशोर को फंदे से उतार लिया और जिला अस्पताल ले गए लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में उन्होंने किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को अपने घर ले गए। किशोर की मौत से व्यापारी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।