कई ग्राम पंचायतों में सरकारी धनराशि का दुरुपयोग का आरोप
कई ग्राम पंचायतों में सरकारी धनराशि का दुरुपयोग प्रधान और सचिवों की मिलीभगत से होने का आरोप लगाते हुए किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने ग्राम पंचायत कुंवरगांव देहात, हरहरपुर मोहनपुर, नंदगांव गंज में सचिव और प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए लाखों रुपये की सरकारी धनराशि गबन करने का आरोप लगाया। कर्मचारियों को दस दिन में हटाने की मांग की है।
भाकियू नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत कुवरगांव देहात, हरहरपुर मोहनपुर, नंदगांव गंज में वर्ष 2025-2026 में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। इंडिया मार्का हैंडपंप सही कराने के नाम पर रुपये निकाले गए, जबकि हैंडपंप अभी भी खराब हैं। 54050 रुपये बिना कार्य निकालने का आरोप है। इसके साथ वनगढ़ पक्के मार्ग से सोनपाल के प्लॉट तक मिट्टी कार्य एवं सीसी नाली का कार्य दिखाकर 27 हजार रुपये से अधिक रुपये निकाले गए, जबकि मिट्टी कार्य और सीसी नाली का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है।
किसानों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत कुंवरगांव देहात में जनसेवा केंद्र पंचायत घर के नाम पर विशेष निमार्ण कार्य में 52569 रुपये आठ माह पूर्व निकाले गए थे। अन्य बिलों के एक लाख रुपये से अधिक की रकम निकालने की बात भी कही है।