बिनावर। बृहस्पतिवार को चौपाल सागर के पास बाइक की टक्कर से घायल हुई बिनावर थाना क्षेत्र के गांव उझौली निवासी हाईस्कूल की छात्रा सृष्टि की शनिवार को बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बृजेश कुमार ने बताया कि उनकी भतीजी सृष्टि (16) बृहस्पतिवार की सुबह साइकिल से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। बदायूं में इलाज कराने के बाद उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फायदा नहीं होने पर उसको बरेली के ही दूसरे अस्पताल में लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया है। छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बाइक सवार की तलाश की जा रही है।