बदायूं। छेड़खानी के आरोपी बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबालिग छात्र ने गिरफ्तारी के डर से नोएडा में फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। गिरफ्तारी के डर से छात्र नोएडा में रह रहे भाइयों के पास चला गया था। दबाव बनाने के लिए पुलिस ने उसके पिता को हिरासत में ले रखा था। बिल्सी पुलिस ने छात्र के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
एक गांव निवासी व्यक्ति के तीन बेटे हैं। दो बेटे नोएडा के सेक्टर 62 में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं, जबकि 16 वर्षीय सबसे छोटा बेटा बिल्सी के एक इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र था। 12 फरवरी को गांव के ही एक व्यक्ति ने छात्र के खिलाफ बेटी के साथ छेड़खानी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
गिरफ्तारी के डर से छात्र नोएडा में रह रहे अपने भाइयों के पास चला गया था। उधर, पुलिस ने छात्र की गिरफ्तारी का दबाव बनाने के लिए उसके पिता को हिरासत में ले लिया था। गिरफ्तारी व जेल जाने के डर से छात्र ने बृहस्पतिवार की देर शाम भाइयों के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
देर रात छात्र का शव गांव लाया गया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम है। छात्र के भाई ने उस पर दर्ज मुकदमे को झूठा बताया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। बिल्सी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया आत्महत्या की घटना नोएडा की है। वहां की पुलिस जांच करेगी। छात्र के खिलाफ छेड़खानी के आरोप में मुकदमा दर्ज है।