बदायूं। नगर पालिका ने टैक्स बकायेदारों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शहर के 19 बरात घर संचालकों पर करीब 1.52 करोड़ रुपये का कर बकाया है। लंबे समय से कर जमा नहीं करने पर अब पालिका प्रशासन ने सभी संचालकों को अंतिम नोटिस जारी किया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान न होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पालिका अधिकारियों के अनुसार, शहर में संचालित बरातघरों से गृहकर, जलकर समेत अन्य निर्धारित शुल्क वसूला जाता है, लेकिन कई संचालक लंबे समय से कर जमा नहीं कर रहे हैं। इससे नगर पालिका की आय प्रभावित हो रही है। पालिका प्रशासन का कहना है कि कर से प्राप्त धनराशि का उपयोग शहर में सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं पर किया जाता है।
बताया गया कि कई बार पहले भी संबंधित संचालकों को नोटिस भेजे गए और मौखिक रूप से भी कर जमा करने के लिए कहा गया, लेकिन इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद अब अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। नगर पालिका के ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के भीतर बकाया जमा नहीं करने वाले बरात घरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें सीलिंग, जुर्माना या अन्य कानूनी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
इन मैरिज लॉन और हॉल पर बकाया हैं रुपये
टिकटगंज के कृष्ण चंद्र-टीके लॉन पर 5,74,671, राजमहल गार्डन पर 3,36,828, कृष्णालॉन पर 4,45,486, हकीमगंज के उद्दीन मुईनी हॉल पर 16,93,875, मजीदी हॉल पर 2,02,410, ऊपरपारा के दे वैन्यू पर 4,71,544, आरफीन बैंकटहॉल पर 7,12,328, रहमानी शादी हॉल पर 1,48,450, कृष्णापुरी के श्रीजी रिजॉर्ट पर 1,38,609, नेकपुर स्थित ओम स्वरूपर लॉन पर 2,11,786, हकीमगंज के द हैरिटेज फार्म पर 2,36,505, अल हम्द मैरिज लॉन पर 64,10,100, अल हम्द मैरिज लॉन पर 12,03,759, कबूलपुर गौटिया के डायमंड मैरिज हॉल पर 9,82,720, शाह गार्डन पर 64,500, मौलवी टोल के स्टार प्लस पर 75,376, नेकपुर के पवन बैंकट हॉल पर 9,18,358, नेकपुर स्थित यूपीटी पर 4,52,572 रुपये का कर बकाया है।
-
वर्जन-
शहर के 19 बरात घरों को नगर कर वसूली के लिए नोटिस भेजा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे नियमानुसार कार्रवाई होगी।
फात्मा रजा, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद बदायूं