बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात सड़क पर घूम रहे बेसहारा गोवंश से एक बाइक टकराने पर एक किसान की मौत हो गई। टक्कर लगने उसका बड़ा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में किसान की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भानपुर निवासी बंटी मिश्रा और उनके बड़े भाई दयाशंकर पुत्र रामकिशोर शनिवार रात बाइक से बगरैन में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सहसवान रोड पर गांव फिरोजपुर के पास पहुंचने पर रात करीब नौ बजे उनकी बाइक के सामने अचानक सड़क पर घूम रहे बेसहारा गोवंश आ गया।
गोवंश सामने आने से उनकी बाइक उससे टकराकर सड़क पर ही गिर गई। सड़क पर बाइक गिरने दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बंटी को मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र पर ही दयाशंकर का उपचार किया जा रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बंटी अपने भाई दयाशंकर के साथ खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में सरोज, चार बेटे और एक बेटी जिसका विवाह हो चुका है। बंटी चार भाई थे। उनकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क हादसे में गंभीर घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया था। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। घायल का इलाज किया जा रहा है।