- एटीएम से पैसे नहीं निकलने पर लोग परेशान रहे
कैश के लिए नोटबंदी जैसी स्थिति एक बार फिर शहर में उत्पन्न हो गई। रविवार को शहर में कुछ जगह एटीएम बंद तो कई एटीएम में कैश नही था। इससे लोग पैसे निकालने के लिए इधर-उधर भटकते रहे लेकिन कैश न मिलने से उनको निराश होना पड़ा। अमर उजाला की टीम ने रविवार को दोपहर बाद शहर में कई एटीएम का जायजा लिया तो कई जगह एटीएम का शटर गिरा मिला और कुछ एटीएम में कैश नही था। हालांकि शहर के कुछ गिने चुने एटीएम से ही कैश निकल रहा था, तो वहां भीड़भाड़ जैसी स्थिति बनी रही। वहीं, लीड बैंक मैनेजर ने कैश की कोई कमी नहीं बताई है। उनका कहना है कि दो दिन बैंकों की छुट्टी होने से एटीएम में कैश न पड़ने से यह स्थिति बनी।
जोगीपुरा
सायं साढ़े चारे बजे शहर के जोगीपुरा में एसबीआई मुख्य शाखा का एटीएम बंद था, लोग वहां आकर लोग लौट रहे थे। एटीएम का शटर गिरा हुआ था। यहां कैश नहीं था।
टिकटगंज
सायं 5 बजे मुहल्ला टिकटगंज में एसबीआई के एटीएम और बैंक आफ बड़ौदा का आधा शटर गिरा हुआ था, और एटीएम में कैश नहीं था। लोग शटर गिरा देखकर बिना पैसे निकाले लौट रहे थे।
इंद्राचौक
सायं सवा पांच बजे टंडन प्लाजा के सामने इंद्राचौक पर बीओबी का एटीएम बंद मिला। इसका भी शटर गिरा हुआ था। यहां से लोग लौट रहे थे।
स्टेशन रोड
सायं साढ़े पांच बजे स्टेशन रोड पर रेलवे स्टेशन के पास बैंक आफ बड़ौदा का एटीएम तो खुला था, लेकिन उसमें कैश नहीं था। लोग अंदर जाकर एटीएम कार्ड डालते लेकिन कैश न होने की बात पता लगती तो लौट जाते।
नेकपुर
सायं पौने छह बजे फ्लाई ओवर के पास एक्सिस बैंक का एटीएम खुला तो था लेकिन उसमें कैश नहीं था। वही नेकपुर सिविल लाइन डीएम रोड पर बैंक आफ बड़ौदा का एटीएम बंद था।
-----
पुलिस लाइन
लगभग छह बजे पुलिस लाइन में लगा हुआ पंजाब नैशनल बैंक का एटीएम भी खराब था। यहां भी कैश नहीं था। लोगों को लौटना पड़ रहा था।
-----
गांधी ग्राउंड
साढ़े छह बजे गांधी ग्राउंड के पास विजया बैंक का एटीएम भी खराब था। इसमें मशीन खराब होने का नोटिस लगा हुआ था। यहां से भी लोगों को बिना पैसे निकाले लौटना पड़ा।
दो एटीएम मिले ठीक
रेलवे स्टेशन के सामने एसबीआई का एटीएम ठीक था। डीएम रोड पर एसबीआई के एटीएम से कैश निकल रहा था।
बैंकों के पास कैश की कोई कमी नहीं है। शुक्रवार को बैंकों ने एटीएम में कैश डाला था, लेकिन शनिवार और रविवार की दो दिन की छुट्टी हो जाने से हो सकता है कि कुछ एटीएम में कैश खत्म हो गया होगा, सोमवार को जैसे ही बैंक खुलेंगे, एटीएम में कैश पड़ जाएगा।
- अनुराग रमन, लीड बैंक मैनेजर