बदायूं। एचपीसीएल प्लांट में हुई दो अफसरों की हत्या के मामले में पुलिस ने दो अन्य अधिकारियों के सीजेएम कोर्ट में मंगलवार को बयान दर्ज कराए है। यह दोनों अधिकारी कंपनी से जुड़े बताए जा रहे है और वारदात के समय मौके पर मौजूद थे।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को मीटिंग कक्ष में दो अफसर सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा को आरोपी अजय प्रताप सिंह के द्वारा गाेली मारी गई थी। इस मामले में चश्मदीद व कंपनी के दो अफसर जीशान अंसारी व लोकेश कुमार के बयान पुलिस ने सोमवार को सीजेएम कोर्ट में दर्ज कराए थे। वहीं मंगलवार को अन्य दो अधिकारियों के बयान सीजेएम कोर्ट में दर्ज कराए गए है।
सूत्र बताते हैं कि ये कंपनी से जुड़े बड़े अधिकारी हैं, लेकिन इनके नाम पुलिस द्वारा अधिकारिक तौर पर सामने नहीं लाए जा रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने घटना के बारे में कोर्ट में अपने कलमबंद बयान दर्ज कराए हैं।
बता दें कि प्लांट के डीजीएम रहे सुधीर गुप्ता ने वीआरएस ले लिया था। 31 मार्च को इनकी सेवा का अंतिम दिन था। सुधीर की पोस्ट पर यहां पर महाराष्ट्र के अकोला जिले के लोकेश कुमार की तैनाती हुई थी। 12 मार्च को लोकेश बदायूं के सैजनी प्लांट पहुंचे थे और वहां पर पहले से मौजूद उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता, सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा व जीशान अंसारी समेत एक महिला व एक अन्य को मिलाकर छह अधिकारियों की टीम साथ में बैठक कर रहे थे।
इसी दौरान आरोपी अजय प्रताप सिंह वहां पहुंचा था और सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने जीशान अंसारी की तहरीर पर मामले में केस दर्ज किया है। घटना के समय यह चोरों अधिकारी मौके पर मौजूद रहे थे इसलिए पुलिस ने इन सभी चारों लोगों कलम बंद बयान सीजेएम कोर्ट में दर्ज कराए है।
पुलिस ने कंपनी के दो अन्य अफसरों के बयान सीजेएम कोर्ट में दर्ज कराए है। अभी इस केस की जांच जारी है। जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। - अंकिता शर्मा, एसएसपी