बदायूं। उझानी कोतवाली के ग्राम कुढ़ा नरसिंहपुर स्थित मैंथा फैक्टरी भारत मिंट एंड एप्लायड केमिकल्स में 12 जनवरी को हुई तीन सुरक्षा गार्डों की मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने लोगों के बयान दर्ज कराने का काम शुरू कर दिया है।
एडीएम (एफआर) वैभव शर्मा ने बताया कि इस घटना में अंगीठी जलाकर कमरे का दरवाजा व खिड़की बंद कर सो जाने के कारण दम घुटने से जोगेन्द्र पुत्र रामबहादुर निवासी ग्राम बसावनपुर तहसील बिल्सी, विवेक पुत्र रजिस्टर निवासी ग्राम पसेई और भानु पुत्र श्रीपाल निवासी ग्राम मुरसेना तहसील दातागंज की मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में पूर्व में 19 से 24 जनवरी तक उपजिलाधिकारी सदर के कार्यालय में उपस्थित होकर बयान दर्ज कराने के लिए सूचित किया गया था।
अपर जिलाधिकारी ने सर्वसाधारण को पुनः सूचित करते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति इस घटना से संबंधित कोई जानकारी रखता हो अथवा साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता हो तो वह 02 फरवरी 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में उपजिलाधिकारी सदर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के कार्यालय में उपस्थित होकर अपने सशपथ बयान अंकित करा सकता है।
उन्होंने अपील की कि घटना से संबंधित तथ्य रखने वाले लोग समय रहते प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि जांच निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर पूर्ण की जा सके।