दोपहर के समय सोलर पैनल पर गिरी बारिश की बूंद। संवाद
बदायूं। पिछले कुछ दिन से जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मंगलवार की सुबह हल्की धूप खिली। इससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। दोपहर होते-होते बादल छा गए। अपराह्न करीब ढाई बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर पूरी रात चला। इससे मौसम एक बार फिर ठंडा हो गया।
बारिश के साथ चल रही ठंडी हवा ने मौसम को और ठंडा कर दिया। शाम होते-होते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। खासकर बुजुर्गों और बच्चों पर मौसम के इस बदलाव का ज्यादा असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही जारी रहने की संभावना जताई गई है।
मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ा
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरके वर्मा का कहना है कि मौसम में अचानक बदलाव से सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत बढ़ सकती है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
गेहूं को फायदा तो आलू को नुकसान की आशंका
बिल्सी। मंगलवार दोपहर अचानक हुई बूंदाबांदी से गेहूं की फसल को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जबकि आलू की फसल को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। संवाद
दोपहर के समय सोलर पैनल पर गिरी बारिश की बूंद। संवाद