कछला से लेकर बदायूं तक उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब
हाईवे पर कछला से लेकर बदायूं तक शिवभक्तों को सैलाब उमड़ पड़ा। शिवभक्त कांवड़ियों के साथ कलाकारों ने जमकर धूम धड़ाका किया। कलाकारों के साथ शिवभक्त भी थिरक उठे।
कांवड़ यात्रा तड़के से शुरू होकर देर शाम तक निकलीं। कछला गंगाघाट पर शिवभक्तों ने आस्था की डुबकी लगाकर कांवड़ पूूजन किया। यहां से निकलीं शिवभक्तों की टोलियों ने भोलेनाथ की जय-जयकार भी की। उनके साथ मनमोहक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कलाकारों ने भजनों पर नृत्य प्रस्तुत कर बाजार में धमाल मचा दिया। घंटाघर चौराहे पर कलाकारों ने सड़क पर उतर कर धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बदायूं बाईपास और जजपुरा मंदिर के सामने भी कांवड़ियों का स्वागत किया गया। मंडी गेट के पास भंडारा हुआ। कछला से लेकर जजपुरा मंदिर तक पुलिस का पहरा रहा। पुलिस ने वाहनों पर भी नजर रखी।
मेन मार्केट में फंसे कांवड़ियों के वाहन
कांवड़ियों की भीड़ बढ़ जाने से यहां कछला रोड बाजार और घंटाघर चौराहे के आसपास आवागमन प्रभावित रहा। शिवभक्तों के वाहन भी बाजार में फंस गए। उन्हें निकलवाने के लिए पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस कर्मियों और कांवड़ियों के बीच नोकझोंक भी हुई। दुकानदारों की माने तो चौराहे पर पुलिस कर्मियों ने किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को नहीं रोका, जिससे जाम लग गया।