वजीरगंज-बिल्सी मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्राली। संवाद
- फोटो : 1
वजीरगंज। वजीरगंज-बिल्सी मार्ग पर बृहस्पतिवार पूर्वाह्न करीब 10:45 बजे मिट्टी की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली रफ्तार अधिक होने से अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान सड़क से गुजर रहे बाइक सवार दो युवक चोटिल हो गए, जबकि कार सवार बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने बताया कि गांव रूपपुरा निवासी विकास मौर्य (27) और राजकुमार मौर्य (20) अपने गांव रूपपुरा से बाइक से वजीरगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे से बचने के लिए बाइक सवारों ने अपनी बाइक की गति रोकने का प्रयास किया, जिससे वे सड़क किनारे खंदी में जा गिरे। दोनों के पैरों में हल्की चोटें आई हैं। वहीं, सड़क से गुजर रहे कार सवार भी हादसे की चपेट में आने से बच गए।
वहीं, बुधवार रात वजीरगंज-आंवला मार्ग पर ग्राम रामडांडी पर ट्रैक्टर ने तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की सूचना मिली है। इसके अलावा वजीरगंज-आंवला मार्ग पर घायल हुए तीनों युवकों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों मामलों में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।