उझानी। महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज का मैदान अगले दो महीना में मिनी स्टेडियम की भांति दिखेगा। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा की सांसद निधि से दर्शक दीर्घा और उसके नीचे ड्रेसिंग रूम का काम अंतिम चरण में है।
इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण के रफ्तार पकड़ते ही कॉलेज के मैदान के नाम एक और सौगात जुड़ गई है। सांसद निधि से ओपन जिम की मंजूरी प्रदान कर दी गई है। खिलाड़ियों को सुविधा मिलने से खेल प्रतिभाओं को चमकने का मौका मिलेगा।
बदायूं के खेलकूद स्टेडियम के बाद नगरीय स्तर पर कॉलेज के मैदान में खिलाड़ियों और दर्शकों के अनुरूप सुविधा मुहैया कराने की कवायद पिछले साल शुरू हुई थी। फुटबॉल संघ के जिलाध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा की सांसद निधि से कॉलेज के मैदान पर ओपन जिम के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।
ओपन जिम में लोगों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक संसाधन होंगे। इसके लिए अगले सप्ताह से काम शुरू होने वाला है। बता दें कि कॉलेज के मैदान पर इसी साल करीब 48 लाख रुपये की लागत से दर्शक दीर्घा और उसके नीचे खिलाड़ियों की सुविधा के लिए ड्रेसिंग का निर्माण शुरू हुआ था।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। करीब दो महीने में निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री की पहल पर इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण भी शुरू हो चुका है। बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये अवमुक्त किए गए थे। एक ही परिसर में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को सुविधा मिलने से खेल प्रतिभाओं को चमकने का मौका मिलेगा।
मैदान परिसर में हो चुके हैं राज्य स्तरीय टूर्नामेंट
महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज के मैदान पर क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबाल के राज्यस्तरीय मुकाबले हो चुके हैं। जिले में टी- 20 क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरूआत भी इसी मैदान से हुई थी। उझानी प्रीमियर लीग टूर्नामेंट में यहां कई प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। क्रिकेटर रिंकू सिंह भी इसी मैदान पर चौके-छक्के मार चुके हैं।