पिछले एक पखबाड़े से नगर को तीन चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों का तो और भी बुरा हाल है। भारतीय किसान यूनियन और व्यापार मंडल ने बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर की जर्जर हो चुकी बिजली की लाइने अक्सर टूट जाती हैं। जिसके कारण घंटों बिजली सप्लाई बाधित रहती है और दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है। शनिवार को तारों के आपस में टकराने पर नगर के प्रमुख चौराहे पर लगे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर के वायर जल गए। देर रात बताया गया कि ट्रांसफार्मर भी फुंक गया है। इससे पुराना थाना, नई बस्ती कॉलोनी, मंगल बाजार, मुख्य बाजार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, वार्ड एक, दो, चार, सात और नौ की बिजली आंशिक रूप से ठप हो गई ।
एक माह पहले भी बिजली लाइनों के आपस में टकराने पर यही ट्रांसफार्मर फुंक गया था, इसके स्थान पर लगे ट्रांसफार्मर की स्थिति ठीक नहीं निकली। तभी ये कम वोल्टेज दे रहा था। कम वोल्टेज की वजह से विद्युत उपकरण भी नहीं चल पा रहे थे। अब इसके फुंक जाने से तो और बड़ी समस्या पैदा हो गई है।
भारतीय किसान यूनियन के सदस्य राजेश कुमार, व्यापार मंडल के नारायण गुप्ता और नगर पंचायत सदस्य मूल चंद्र शाक्य ने विभागीय अधिकारियों से फुंके ट्रांसफार्मर व बिजली की जर्जर लाइनों को बदलवाए जाने की मांग की है। शीघ्र बिजली व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में जेई सुरेश चंद्र से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन ही रिसीव नहीं किया।