उघैती। थाना क्षेत्र के खितौरा स्थित श्री बालाजी ईंट उद्योग के भट्ठे पर खड़े दो डंपरों को देर रात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर दोनों डंपरों से स्टेपनी और करीब 250 लीटर डीजल चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी होने पर वाहन मालिकों ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
दोनों डंपर भट्ठा परिसर में सड़क से करीब 30 मीटर की दूरी पर खड़े थे। दोनों वाहनों के चालक डंपरों से लगभग 10 मीटर दूर भट्ठे के चौकीदार के साथ चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान देर रात चोरों ने डंपरों को निशाना बनाया और उनसे स्टेपनी व करीब 250 लीटर डीजल चोरी कर लिया। घटना को अंजाम देने के बाद चोर मौके से भाग गए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर वाहन मालिकों को सूचना दी गई। इसके बाद डंपर मालिक दिलीप गुप्ता और नवल किशोर ने थाना उघैती पुलिस को तहरीर देकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। चोरी होने की घटना से वाहन मालिकों में चिंता है। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि मामले के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है, जांच की जा रही है, घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।