उझानी। बरी वाले बाइपास के नजदीक दो सांड़ आपस में भिड़ गए। एक-दूसरे को खदेड़ते हुए सांड़ सड़क पर पहुंचे तो ई-रिक्शा चपेट में आकर पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया।
मामला दोपहर करीब एक बजे का है। बरी वाले बाइपास पर एक प्लाॅट में आपस में लड़ते हुए दो सांड़ सड़क पर आ गए। करीब 15 मिनट तक एक-दूसरे को खदेड़ने के दौरान ई-रिक्शा आ गया। गंजशहीदा मोहल्ला निवासी चालक नाजिम ने ई-रिक्शा रोकने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक दोनों सांड़ ने चपेट में ले लिया और ई- रिक्शा पलट गया।
चालक नाजिम के मामूली चोट आई है। राहगीरों ने सांड़ों को खदेड़कर ई-रिक्शा सीधा कराया। इससे पहले भी सांड़ महाराणा प्रताप चौक के पास उत्पात मचा चुके हैं। पिछले दिनों बाइक सवार दो युवक भी घायल हो गए थे।
इसके बाद भी पशुपालन विभाग और नगर पालिका परिषद की ओर से सांड़ों को पकड़ने को अभियान शुरू नहीं किया गया है। पशु चिकित्साधिकारी विवेक माहेश्वरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान अभियान चला था। आगे कार्रवाई के लिए अधिकारियों का निर्देश मिला तो पशुओं को फिर से पकड़ा जाएगा। संवाद