फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सपा में नहीं होगी वापसी, जनता देगी जवाब

Sat, 03 Sep 2016 11:45 PM IST
बदायूं, ब्यूरो
विज्ञापन
सपा में नहीं होगी वापसी, जनता देगी जवाब - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
सांसद धर्मेंद्र यादव की जुबां पर छलका दिल का दर्द
आबिद रजा का नाम लिए बगैर मंच से दी नसीहत
आजम के दबाव में जरूरत से ज्यादा दी गई अहमियत
कार्यकर्ता सम्मेलन ‘वफादार-गद्दार’ के विषय में सिमटा
 जैसा कि अंदेशा था कि काफी दिनों बाद बदायूं आ रहे सांसद धर्मेंद्र यादव शहर विधायक आबिद रजा की खुली खिलाफत का जवाब देंगे, ये सही साबित हुआ। विधायक आबिद रजा के बगावती तेवर के बाद लगातार की गई बयानबाजी का सांसद ने आज बगैर नाम लिए सिलसिले वार जवाब दिया। उन्होंने सभी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा कि अब उनकी (आबिद) वापसी सपा में नहीं होगी। जो अपनी कौम का रहनुमा बनने के लिए अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं, उन्हें परदेसी और न जाने क्या-क्या कह रहे हैं, उनको यही लोग आइना दिखाएंगे।
शनिवार को इस्लामियां इंटर कॉलेज में हुआ समाजवादी पार्टी का शहर विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन ‘वफादार-गद्दार’ विषय पर ही सिमटकर रह गया। माइक पर आने वाले हर वक्ता ने खुद को पार्टी का ‘वफादार’ और सांसद पर सवाल उठाने वालों को ‘गद्दार’  की श्रेणी में डालने की भरपूर चेष्टा की। अधिकतर मुस्लिम नेताओं ने ये जताने की कोशिश की कि सपा की सरपरस्ती में ही उनकी कौम सिर उठाकर चल सकती है। वक्ताओं ने ये सवाल भी उठाया कि जिन लोगों ने जिले में विकास की नींव रखने वाले की मुखालफत की है, उन्होंने अपनी कौम और शहर के लिए कितना काम किया है? ये भी जनता बखूवी जानती है। पार्टी के सदर बनवारी सिंह यादव तो यहां तक बोल गए कि हम हर स्तर से मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।
विज्ञापन

लगभग हर वक्ता के निशाने पर आबिद रहे, लेकिन वहां मौजूद लोग गाय, गंगा और सड़क काटने के मामले में सांसद के दिल की बात सुनने को आतुर थे। यही वजह रही कि सुबह दस बजे से शुरू हुए सम्मेलन में सांसद को सुनने के लिए दोपहर तीन बजे तक मैदान में ही डटे रहे। जब सांसद ने माइक संभाला तो इतने दिनों की टीस आखिर दर्द बनकर जुबां पर आ ही गई। सांसद ने बगैर नाम लिए कहा...ये संगठन की भूल थी कि आजम खां के दबाव में एक शख्स को जरूरत से ज्यादा अहमियत दी गई। अब ऐसा नहीं होगा। जिसने साढ़े चार वर्ष तक जिनको दुख-दर्द दिए, भ्रष्टाचार किया...उनको सबक भी मिलेगा। आने वाले चुनाव में यही जनता ऐसे लोगों को सबक देगी। 
-----

सांसद ने फूंका चुनावी बिगुल, 
 सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि ये अभी पड़ाव है, वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी का विकास रथ फिर दौड़ेगा। कार्यकर्ताओं को बस पूरी शिद्दत के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। समाजवादी पार्टी ने सूबे में इतने काम किए हैं कि अन्य सरकारें ये सोच नहीं पा रहीं कि वो किस मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरें। 
इस्लमियां मैदान पर हुए बदायूं विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सांसद ने कहा कि सूबे मेें विकास ने जो रफ्तार पकड़ी है, उसकी दम पर पार्टी फिर सरकार में लौटेगी। राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव ने कहा कि सभी वर्ग का सम्मान सपा में ही सुरक्षित है। जिला प्रभारी और एमएलसी आनंद भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में विकास की गति को जो रफ्तार दी है, वह मील का पत्थर बन चुकी है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष व एमएलसी बनवारी सिंह यादव, कैबिनेट स्तर के दर्जा मंत्री मौलाना यासीन उस्मानी, विधायक आशीष यादव, आशुतोष मौर्य, रामखिलाड़ी सिंह यादव, मंत्री प्रदीप यादव, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, प्रेमपाल सिंह यादव, रिटायर्ड जज बीडी नकवी, सलीम अहमद, यासीन गद्दी, ख़ालिद परवेज ने विचार व्यक्त किए।
सम्मेलन में मोतशाम सिद्दीक़ी, मोहम्मद मियां, रजनीश गुप्ता, अवधेश यादव, विपिन यादव, सगीर, अशरफ पीर, फकरे अहमद शोबी, बीडी नकवी, आमिर सुल्तानी, हरप्रसाद पटेल, हरेंद्र शंखधार, तनवीर हसन खां, सगीर अहमद, शोएब नकवी, हाजी रईस, फरहत अली, लड्डन भाई, शहंशाह, सभासद, परवेज, गौरव, प्रभात अग्रवाल मौजूद रहे। संचालन सुहेल सिद्दीक़ी ने किया।
----
जुलूूस की शक्ल में आए दावेदार
बदायूं। शहर सीट से सपा का टिकट मांगने वाले दावेदार अपने समर्थकों के साथ गाजे-बाजे लेकर जुलूस की शक्ल में मंच तक आए। उनका उत्साह ऐसा था कि जैसे आज उनका नामांकन हो। इस मौके पर सांसद का स्वागत करने वालों की भी भीड़ रही। एक दावेदार ने तो सोने का मुकुट तक भेंट किया।
विज्ञापन

-----
कांग्रेस नेता और रिटायर्ड जज हुए सपा में शामिल
बदायूं। कांग्रेस की प्रदेश कमेटी के सदस्य फकरे अहमद शोबी और उनके भाई रिटायर्ड जज बीडी नकवी अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस को छोड़कर सपा में शामिल हो गए। जिलाध्यक्ष बनवारी सिंह यादव उनका स्वागत किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें