उझानी। भतीजे को कैप्टन गजराज सिंह कॉलेज बुलाने गए सैनिक मनोज कुमार की बाइक चोरी हो गई। इसका पता लगते ही सैनिक समेत शिक्षकों ने खोजबीन शुरू की तो करीब दो किलोमीटर आगे बाइक समेत चोर को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ भी की है।
घटना कोतवाली क्षेत्र में बरेली- मथुरा हाईवे से सटे बुटला के पास कॉलेज के सामने शनिवार दोपहर हुई। कोतवाली क्षेत्र के गांव मुरावननगला निवासी सैनिक मनोज कुमार का भतीजा कैप्टन गजराज सिंह कॉलेज में पढ़ता है। छुट्टी होने के समय वह भतीजे को लेने कॉलेज पहुंचे। बाइक उन्होंने सड़क किनारे खड़ी कर दी। लौटे तो बाइक नजर नहीं आई। इसके बाद उन्होंने कॉलेज के शिक्षकों के साथ कछला की ओर रुख किया। बाइक समेत चोर उन्हें फूलपुर गांव के पास मिल गया। उसे दबोच कर पुलिस कर्मियों को बुला लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने दिमागी बीमार जैसी हरकतें शुरू कर दीं। आरोपी युवक को लेकर पुलिस कर्मी कोतवाली आ गए। मनोज कुमार ने बताया कि वह इन दिनों छुट्टी पर आए हुए हैं। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सैनिक की बाइक गायब हो जाने का मामला कोतवाली पुलिस के संज्ञान में आया था। जिस युवक को लोगों ने पकड़ा, वह मानसिक रूप से बीमार है। फिर भी उससे जानकारी की जा रही है।