वजीरगंज-आंवला रोड पर गड्ढे में डाली गई मिट्टी। संवाद
- फोटो : udhampur news
बदायूं। नगर पंचायत वजीरगंज प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही के चलते वजीरगंज-आंवला रोड पर मंगला माता मंदिर के पास 10 फुट तक सड़क धंस गई थी। मंगलवार देर रात ही पंचायत प्रशासन की ओर से सड़क पर हुए गड्ढे में मिट्टी भरकर रास्ते चलने लायक बना दिया गया। वाहन भी गुजरना शुरू हो गए हैं।
तालाब और नाले का पानी निकालने के लिए नगर पंचायत के ठेकेदार ने बिना लोक निर्माण विभाग की अनुमति लिए मंगला माता मंदिर के पास वजीरगंज-आंवला मार्ग पर सड़क काटकर दो पाइप लाइन डाल दी थीं। मंगलवार को पाइप लाइन डाले जाने वाली जगह के आसपास की सड़क 10 फुट तक धंस गई थी।
मंगलवार देर रात नगर पंचायत ने गड्ढे में मिट्टी भरकर आवागमन शुरू करा दिया। जानकारी के मुताबिक, अब भी पानी का रिसाव चल रहा है। ईओ वजीरजगंज अखिलेश कुमार ने बताया कि सड़क के नीचे से पाइप लाइन हटवा दी गई है। इसके बाद सड़क पर मिट्टी डलवाकर उसके ऊपर से पत्थर की कुटाई कर उसे चलने लायक बना दिया गया है। अब यातायात शुरू हो गया है। पानी के निकास के लिए स्थायी समाधान निकाला जाएगा।