प्राथमिक विद्यालय सराय फकीर में परीक्षा देते छात्र-छात्राएं। संवाद
बदायूं। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को यूपी बोर्ड की तर्ज पर अंकपत्र जारी किया जाएगा। जिले के 2205 परिषदीय विद्यालयों के 2.91 लाख बच्चों को अब अंकपत्र ऑनलाइन भी मिलेगा। परिणाम का सारा डाटा प्रेरणा एप पोर्टल पर फीड किया जाएगा।
बीते शैक्षिक वर्षों में परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को अंकपत्र की हार्डकॉपी उपलब्ध कराई जाती थी। इस वजह से अंकपत्र खो जाने पर छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी होती थी। अब ऐसा नहीं होगा, क्योंकि यूपी बोर्ड की तर्ज पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इस साल से अंकपत्र ऑनलाइन देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
इसके लिए शिक्षकों को प्रेरणा पोर्टल पर डाटा अपलोड करना पड़ेगा। इसके बाद छात्र-छात्राएं कभी भी अपने अंकपत्र को ऑनलाइन देख सकेंगे। वहीं, परिषदीय स्कूल की परीक्षाएं 28 मार्च को खत्म हो रहीं हैं। इसके बाद अंकपत्र की हार्डकॉपी का वितरण छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को किया जाएगा।
बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रेरणा पोर्टल एप पर परिषदीय विद्यालयों के अंकपत्र ऑनलाइन जारी करने के निर्देश शासन से मिले हैं। इस बार ऑनलाइन परिणाम जारी होगा।