बदायूं के कछला क्षेत्र में गंगा किनारे स्थित एक मंदिर चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस मंदिर में एक सांप लगातार देखा जा रहा है। 47 घंटे बाद भी सांप मंदिर से नहीं हटा। लोग इसे चमत्कार मानकर पूजा अर्चना करने में जुट गए हैं।
बदायूं के कछला क्षेत्र के पिपरौल गांव में गंगा किनारे जाहर पीर बाबा का मंदिर बना हुआ है, जिसमें निर्माण कार्य चल रहा है। उसी में एक कोने में बृहस्पतिवार की दोपहर करीब तीन बजे एक सांप देखा गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि 47 घंटे बाद भी सांप वहां से नहीं हटा है। इसे क्षेत्र के लोग चमत्कार मानते हुए मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचने लगे।
विज्ञापन
मंदिर के पुजारी ओमकार सक्सेना का दावा है कि नाग देवता नवमी के दिन शाम 3:00 बजे आ गए। तब से दर्शन दे रहे हैं। अब यह क्या लीला करते हैं, सभी के सामने आ जाएगा। लोग सांप की सुबह से ही पूजा अर्चना करने पहुंचने लगे। उसके लिए दूध रख रहे हैं। चढ़ावा भी चढ़ा रहे हैं। शनिवार सुबह से आने-जाने वालों का लाइन लगी रही।
पुजारी ओमकार सक्सेना ने बताया कि साल 2016 में भी नाग देवता ने महुआ के पेड़ के नीचे दर्शन दिए थे। उस समय से नियमित ओमकार सक्सेना पीर बाबा मंदिर में पूजा अर्चना करने आ रहे हैं। अब फिर सांप मंदिर में देखा गया। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।