अलापुर पुलिस की गिरफ्त में चोर गिरोह के सदस्य। स्रोत-पुलिस
अलापुर। थाना पुलिस ने बुधवार को चोरी के सामान के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, करीब 250 लीटर ट्रांसफॉर्मर का तेल, तीन बैटरी, इन्वर्टर, स्टेबलाइजर, पीयूसी यंत्र और देशी शराब की एक पेटी बरामद की है। आरोपी ब्रेजा कार में थे और गिरोह बनाकर चोरियां किया करते थे। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बुधवार दोपहर बताया कि मंगलवार को अलापुर क्षेत्र में चौड़ेरा शिकारपुर मोड़ से बिसारतनगर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान दातागंज क्षेत्र के भटोली गांव निवासी नंदराम और धर्मपाल उर्फ गुड्डू, चंदोखा निवासी धर्मपाल, झुगसा निवासी सूरज उर्फ सुनील कुमार, मूसाझाग थाना क्षेत्र के सराय पिपरिया निवासी सचिन और बरेली जिले के भमौरा थाना क्षेत्र के कतका रमन निवासी अजयवीर सिंह के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर जिले में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया। बरामद सामान भी चोरी का बताया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल और यूपी 84 डब्ल्यू 9983 नंबर की ब्रेजा कार बरामद की है। एक पीयूसी यंत्र और देशी शराब की पेटी भी मिली है।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में नंदराम, सचिन और धर्मपाल के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। अन्य आरोपियों के भी आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
अलापुर पुलिस की गिरफ्त में चोर गिरोह के सदस्य। स्रोत-पुलिस