बदायूं। बीएड की छात्रा से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और जानलेवा हमले के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों में छात्रा की सगी भाभी और भाई भी शामिल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बीएड की छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब तीन साल से वह सगी भाभी के भाई के साथ प्रेम संबंध में थी। इस दौरान भाभी का भाई शादी का झांसा देकर उससे लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब वह शादी की बात कहती तो युवक भाभी से शिकायत करके उसके साथ मारपीट करता। इस दौरान युवक के जीजा ने भी छेड़खानी की।
छात्रा का कहना है कि बृहस्पतिवार को वह बरेली में थी। इस दौरान युवक शादी की बात कहकर गाड़ी से उसे घर ले आया। गाड़ी में छात्रा का भाई भी मौजूद था। जब वह अपने घर पहुंची तो मारपीट की गई। गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की गई। वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर हरप्रसाद मंदिर तक पहुंची। यहां पुलिस को सूचना दी। उसे डायल 112 की पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर छह आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है।