उझानी में रेलवे ट्रैक के पास मृत मिले गोवंशीय पशुओं को दफन करने कख्गड्ढा खोदती जेसीबी। स्रोत- प
उझानी। रेलवे ट्रैक पर घूम रहे छह गोवंशीय पशु ट्रेन की चपेट में आकर कट गए। पशुओं के शव के टुकड़े ट्रैक और पटरियों के बीच पड़े मिले। राहगीरों के जरिये मामला पशु प्रेमियों के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने रेलवे सेवा की आईडी पर ट्विट कर दिया। अपराह्न में मृत पशुओं को दफन करने का काम शुरू हो पाया।
रेलवे स्टेशन के आउटर के पास गोवंशीय पशुओं के टुकड़े शनिवार सुबह करीब छह बजे पड़े देखे गए। राहगीरों की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पशुप्रेमी श्याम शर्मा ने रेलवे ट्रैक की मरम्मत में जुटे कर्मचारियों से भी हादसे के बारे में जानकारी की। कर्मचारी भी कोई सटीक जानकारी नहीं दे सके।
सूचना के दो घंटे बाद भी स्टेशन से मौके पर अधीक्षक नहीं पहुंचे तो रेलवे सेवा की आईडी पर पशु प्रेमियों ने ट्विट कर दिया। पशु प्रेमी शर्मा ने बताया कि स्टेशन अधीक्षक को उन्होंने फोन किया तो उन्हें जानकारी होने से मना कर दिया।
रेलवे सेवा की ओर से पशुप्रेमी को जवाब में असुविधा के लिए खेद जताया गया। इसके बाद पूर्वाह्न में स्टेशन अधीक्षक अरुण कुमार सक्सेना ने नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर से जेसीबी मंगवाकर ट्रैक के आसपास से मृत पशुओं के टुकड़ों को हटवाया। उन्हें गड्ढे खोदकर दफनाए जाने का काम अपराह्न तक चला।
पशुप्रेमी ने हादसा शुक्रवार दिन में होने का अंदेशा जताया है, लेकिन उन्हें समय रहते नहीं हटाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की है। बता दें कि रेलवे ट्रैक पर कछला और शेखूपुर के बीच पहले भी छुट्टा पशु ट्रेन से कट चुके हैं।