इस्लामनगर। कस्बे के एक मैरिज लॉन में शादी समारोह के दौरान एक व्यक्ति पर डंडे से हमला कर मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि यह हमला उसके पुत्र और पुत्रवधू के बीच चल रहे विवाद में 15 लाख रुपये लेने का दबाव बनाने के लिए किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
बिल्सी के मोहल्ला नंबर छह निवासी बसंत ने बताया कि वह एक परिचित की शादी में शामिल होने बुधवार को बिल्सी सड़क स्थित मैरिज लॉन आए थे। खाना खाने के बाद उनकी पुत्रवधू का भाई शिवांग निवासी उझानी, अपने दो अन्य साथियों के साथ उन पर टूट पड़ा। शिवांग और उसके साथियों ने डंडे से ताबड़तोड़ हमला किया।
शादी में मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर बसंत को बचाया। रात होने के कारण बसंत अपने घर लौट गए। अगले दिन उन्होंने थाना पुलिस को घटना की तहरीर दी। तहरीर में बसंत ने कहा है कि उनके पुत्र और पुत्रवधू के बीच अनबन है। वे कुछ समय से अलग रह रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुत्रवधू के परिजन इस विवाद के निपटारे के लिए उनसे 15 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। बसंत के अनुसार, इसी मांग का दबाव बनाने के लिए उनके साथ मारपीट की गई।
थाना पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ केके तिवारी मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।