फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: पाइपलाइन फटने से बाजार में बहा पानी, दो मोहल्लों में पेयजल संकट

विज्ञापन
उझानी में पाइपलाइन की मरम्मत में जुटे मजदूर। संवाद
विज्ञापन
उझानी। मुख्य बाजार में पेयजल की पाइपलाइन फटने से तीन घंटे तक फुटपाथ और नालियों में पानी बहता रहा। नगर पालिका कर्मियों को जब इसकी जानकारी हुई तो पाइपलाइन से जुड़े दोनों नलकूप बंद करा दिए गए। इसके बाद अयोध्यागंज समेत पंजाबी कॉलोनी की पूरे दिन पेयजल आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार सुबह तक आपूर्ति पूरी तरह दुरुस्त होने की उम्मीद है।
विज्ञापन

सब्जी मंडी के पास शिखर नर्सिंग होम के सामने पालिका की पेयजल की पाइपलाइन फट गई है। उसके आसपास पिछले डेढ़-दो महीने से फुटपाथ भी खुदा पड़ा है। पालिका के जलकल प्रभारी तौसीफ अहमद ने बताया कि पाइपलाइन फटने की मुख्य वजह किसी ओवरलोड वाहन का क्षतिग्रस्त फुटपाथ पर होकर निकलना हो सकता है।
बुधवार शाम करीब सात बजे पाइपलाइन फटते ही पहले से खुदे पड़े फुटपाथ से होकर बहता हुआ पानी पूरे इलाके में फैल गया। एक तरफ की दुकानों तक पहुंचने के लिए भी रास्ता नहीं बचा। नाले और नालियों में भी उफान आ गया। करीब तीन घंटे तक इलाके के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

सूचना के बाद पालिका के जल निगम अनुभाग के अवर अभियंता अरविंद पाल भी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सब्जी मंडी और पंजाबी कॉलोनी के नलकूप को बंद करा दिया। इसके बाद फुटपाथ पर बह रहे पानी का स्तर गिरता चला गया। पालिका कर्मियों ने जेसीबी और मजदूरों को लगाकर बृहस्पतिवार प्रात: नौ बजे तक खोदाई करवा ली। इसके बाद क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदले जाने का काम शुरू कर दिया गया है।
जलकल प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह तक पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठीक कर दी जाएगी। उधर, पाइपलाइन फटने से अयोध्यागंज मोहल्ला और पंजाबी कॉलोनी के अधिकतर घरों में पेयजल संकट पैदा हो गया है। दोनों इलाके के लोगों को पूरे दिन पेयजल आपूर्ति नसीब नहीं हुई।

फुटपाथ पर बैठे विक्रेता सब्जियां समेटकर चले गए
मुख्य बाजार में नगर पालिका की पाइपलाइन फटने से सबसे ज्यादा दिक्कत सब्जी मंडी में दुकानदारों को हुई। क्षतिग्रस्त फुटपाथ के गड्ढों में होकर मंडी में पहुंचे पानी से सब्जियां भीग गईं। सब्जी विक्रेता जितेंद्र ने बताया कि महज 10 मिनट के अंदर पूरी मंडी में पानी भर गया। ठेलों और चबूतरों पर रखीं सब्जियां बच गईं, लेकिन फुटपाथ पर बेची जा रहीं सब्जियों को समेटकर सुरक्षित स्थान पर ले जाना मुश्किल हो गया। मंडी में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक कराने का काम बहुत ही तेजी से किया जा रहा है। दो मोहल्लों में कुछ स्थानों पर ही पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। बाकी के इलाकों में अन्य ओवरहैड टैंक और नलकूपों के जरिये आपूर्ति दी जा रही है। पाइपलाइन कैसे फटी, इसकी भी जांच चल रही है।- अरविंद पाल, अवर अभियंता
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें