अतिवृष्टि और तेज हवाओं के कारण प्रभावित गेहूं की फसलों की क्षतिपूर्ति के रूप में युद्धस्तर पर कृषि निवेश अनुदान वितरण चेक के माध्यम से सभी तहसीलों में लेखपालों द्वारा निरंतर किया जा रहा है। दातागंज तहसील में अब तक 34 हजार 687 कृषकों को 8 करोड़ 17 लाख 7381 रुपये के चेक वितरित किए जा चुके हैं, लेकिन फिर भी शिकायत करने वालों की कमी नहीं है। पीड़ित किसान अपना दर्द बयां कर रहे हैं। कई किसान बोले, साहब हमें कब चेक मिलेगो, सगरे तो बंट गए।
तहसील दिवस में ग्राम अंगदपुर के प्रेमपाल, धर्मपाल कश्यप, ग्राम पिपला के समीर हसन मोहम्मद इस्हाक, सैनपुर के राजकुमार, हथनीभूड़ के रामेश्वर सहित कई किसानों ने अधिकारियों से यही शिकायत की। मंगलवार को जिलाधिकारी शंभूनाथ ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौमित्र यादव, मुख्य विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह कुशवाहा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जन शिकायतों को सुना। म्याऊं निवासी मदन सिंह ने शिकायत की कि ग्राम मंशा नगला स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में खड़े सूखे नीम के पेड़ों को अपने खेत में बताते हुए सत्यदेव एवं सत्यनारायण कटवाना चाहते हैं।
जिलाधिकारी ने इस संबंध में तत्काल भूमि की पैमाइश कराने के बाद तहसीलदार को हिदायत दी है कि इस भूमि पर राजीव गांधी खेल का मैदान बनाने को प्रस्ताव तैयार किया जाए। दातागंज के सतीश चंद्र पांडेय ने शिकायत की कि उनके पड़ोसी ने अनाधिकृत रूप से बाहर निकालकर लिंटर डाला है, जिस पर त्वरित कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आंवला निवासी मीना देवी ने शिकायत की कि उसके पिता छत्रपाल की भूमि तहसील दातागंज अंतर्गत ग्राम किशनी महरा में है और उस पर रामपाल आदि कब्जा किए हुए हैं, शिकायत करने पर लेखपाल चनंद्र प्रकाश यह कहकर प्रकरण को शंति कर देते हैं कि इस विवाद का नायब तहसीलदार के न्यायालय में मुकदमा चल रहा है।
जिलाधिकारी ने इस संबंध में नायब तहसीलदार सतीश कुमार को तलब कर जानकारी हासिल की तो उन्होंने साफ कर दिया कि उनके न्यायालय में कोई भी वाद नहीं चल रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।
अलापुर पट्टी चंदी फाजिल के गजराज ने खतौनी में गलत नाम दर्ज होने की शिकायत की, शिकायत का मौके पर ही समाधान कराया गया। तहसील दिवस में 121 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें 20 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।
चेक वितरण में पारदर्शिता बनाए रखें लेखपाल
तहसील दिवस के बाद जिलाधिकारी ने लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिए कि कृषि निवेश अनुदान के तहत वितरण किए जाने वाले चेकों का अभिलेखीय रिकार्ड सुरक्षित रखें और 33 प्रतिशत तक नुकसान वाले सभी किसानों को इसका लाभ दें। जिलाधिकारी ने कहा कि जब से कृषि निवेश अनुदान वितरण का कार्य शुरू हुआ है, लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षकों ने कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा है कि चेक वितरण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखें, क्योंकि यह संवेदनशील कार्य है। जिलाधिकारी ने भूमि विवादों के मामले थाना स्तर पर आयोजित होने वाले समाधान दिवसों में निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि समाधान दिवस के बाद पुलिस अधिकारी एवं लेखपाल, कानूनगो मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और विवादों का निस्तारण करें।
अनपढ़ किसानों के
प्रार्थना पत्र लिखे
बदायूं। दातागंज में आयोजित तहसील दिवस में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन किसानों का सहयोग किया जो अपने प्रार्थना पत्र नहीं लिख सकते थे। आम आदमी पार्टी ने इसके लिए तहसील के समीप ही अपना कैंप लगवा रखा था। जिला संयोजक भूदेव सिंह ने बताया कि उनके इस कार्य की जनता ने प्रशंसा की। जन हित कैंप में उनके साथ आलोक कुमार, सतेंद्र्र सिंह, ब्रजभूषण सक्सेना, शैलेंद्र सिसौदिया, भूपेंद्र सिंह, सुनील तोमर, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।