बिल्सी। कस्बे में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य मंगलवार से शुरू हो गया। एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने नगर के मोहल्ला संख्या पांच में बूथ नंबर 94 पर बीएलओ के साथ गणना प्रपत्र वितरित कर मतदाताओं को जागरूक किया।
एसडीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का यह कार्य आज से एक माह तक चलाया जाएगा। इसमें बिल्सी 114 विधानसभा क्षेत्र के 389 सभी बीएलओ मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि वोटर लिस्ट को सही ढंग से तैयार किया जा सके।
उन्होंने प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता पर जोर दिया। कहा कि सभी बीएलओ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की कार्यवाही के दौरान अपने मतदेय स्थल के समस्त मतदाताओं से सम्पर्क करते हुए प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र दो प्रतियों में उपलब्ध कराएं और उन्हें गणना प्रपत्र भरने में सहायता करें।
बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर एक माह के अंदर गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रह करने का कार्य करेंगे। बीएलओ द्वारा इस बात का भी ध्यान रखा जायेगा कि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग, निर्धन एवं अन्य अशक्त समूहों के मतदाताओं को गणना प्रपत्र प्राप्त करने एवं भर कर जमा करने में कोई असुविधा न हो। तहसील कार्यालय से मंगलवार को 100 से अधिक बीएलओ को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा दिए गए है। इस मौके पर नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव, लेखपाल सूरज भारती, राजीव सागर आदि मौजूद रहे।
नहीं शुरू हो सका एसआईआर का काम
सैदपुर। कस्बा में मंगलवार से एसआईआर का काम शुरू होना था, जो किन्ही कारणों से नहीं हो सका। नायब तहसीलदार सृजन यादव का कहना है कि सभी सुपरवाइजर और बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। काम जल्द ही शुरू किया जाएगा।
सहसवान। क्षेत्र में कोई भी बीएलओ प्रपत्र वितरित करने मतदाताओं के घर नहीं पहुंचे। बीएलओ की सूची तहसील प्रशासन से मांगी गई तो उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ही सूची दी जाएगी। संवाद