रजत पदक जीते वाली कबड्डी टीम के साथ शिक्षक। स्रोत- शिक्षक
बदायूं। अमरोहा में विद्या भारती द्वारा आयोजित क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में शिव देवी सरस्वती शिशु मंदिर, सिविल लाइन्स की कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता है।
9 से 11 नवंबर तक आयोजित इन प्रतियोगिताओं में शिशु शिक्षा समिति, ब्रज प्रदेश की ओर से विद्यालय की टीम ने प्रतिभाग किया। प्रारंभिक मुकाबलों में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।
टीम की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य सुशील कुमार सहित पूरे विद्यालय परिवार ने हर्ष जताते हुए खिलाड़ियों का स्वागत किया। शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के अध्यक्ष एवं विभाग संघ चालक सुनील कुमार ने फोन पर बधाई संदेश भेजा, वहीं विद्यालय के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह, व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष राजीव नारायण रायजादा एवं अन्य प्रबंध समिति सदस्यों ने भी शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने कहा कि प्रदेश स्तर पर पहुंचना ही बड़ी उपलब्धि है। विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं। संवाद