लापरवाह बीएलओ होंगे दंडित
भारत निर्वाचन आयोग के सख्त दिशा निर्देशों के बाद आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 की चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। डीएम ने इस संबंध में बैठक कर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम प्रत्येक मतदान केंद्र के संबंध में ऐसे बीएलओ का नाम उपलब्ध कराएं, जिन्होंने मतदाता सूची में दस से भी कम मतदाताओं का परिवर्तन किया है, उन्हें दंडित किया जाएगा।
जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने रविवार को औचक बैठक बुलाकर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए मतदेय स्थलों पर सभी आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मतदाता सूचियों में नाम बढ़ाने के एक सितंबर से शुरू होने वाले अभियान के पुनरीक्षण कार्य के लिए 61 सेक्टर आफीसर भी नामित कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूचियों से जिन वोटर्स के डबल नामों को हटाया गया है। उन्हें एसएमएस भेजकर सूचित करने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
कलक्ट्रेट स्थित सभा कक्ष में सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जिलाधिकारी ने 2324 मतदेय स्थल 1645 मतदान केंद्रों पर अशक्त मतदाताओं के लिए रैम्प बनवाने के अलावा विद्युत, पेयजल, शौचालय, मतदान पार्टियों के लिए आवश्यक फर्नीचर और मतदाताओं को मतदान के लिए प्रतीक्षा के लिए शेड, छायादार स्थान की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी एसडीएम सभी मतदेय स्थलों का भ्रमणकर व्यवस्थाओं के संबंध में नौ अगस्त को प्रमाण पत्र दें। नौ अगस्त को पुन: चुनाव तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
------
चुनावी कार्यों को होगा- हेलो बदायूं
बदायूं। विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2017 में मतदान केंद्रों की सभी व्यवस्थाओं को चाकचौबंद करने और चुनावी कार्यों को सुगमता पूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जिले में हैलो बदायूं के नाम से एक प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने कहा कि मतदान केंद्र से संबंधित सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों, वीट कांस्टेबल, बीएलओ लेखपाल, रोजगार सेवक, आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मोबाइल नंबर और उनके मतदान केंद्र के नाम सहित एक सूची तैयार की जाए, जिससे प्रत्येक बूथ पर मतदाता पुनरीक्षण कार्य और चुनावी कार्यो के संबंध में जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी सीधे वार्ता कर जानकारी हासिल कर सकें। जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यों के लिए प्रभारी अधिकारी भी नामित कराए जाने को कहा है।
-----
एक सितंबर से बढ़ाए जाएंगे वोटर लिस्ट में नाम
बदायूं। आगामी विधानसभा निर्वाचन को दृृष्टिगत रखते हुए मतदाता सूचियों में नाम बढ़ाने, संशोधन आदि कार्यों के लिए एक सितंबर से 31 अक्तूबर तक जिला में अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहकर वोटर लिस्ट में नाम बढ़ाने तथा संशोधन आदि का कार्य करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी सीपी त्रिपाठी द्वारा 61 सेक्टर आफीसर नामित कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने शस्त्र लाइसेंसों की सूची तैयार कर सभी थानों में भिजवाने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।