बदायूं। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने कार्रवाई करते हुए जिले की तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और दो सहायिकाओं की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। विभागीय जांच में केंद्र संचालन में गंभीर अनियमितताएं और लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।
प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रभारी धर्मेद्र कुमार कुलश्रेष्ठ ने बताया कि कादरचौक के लभारी प्रथम केंद्र की कार्यकर्ता मधु देवी, लभारी द्वितीय केंद्र की सहायिका शकुंतला देवी, अंबियापुर के दीननगर शेखपुर मझारा केंद्र की कार्यकर्ता सुनीता देवी, गौसमनगर मिर्जापुर सोहरा केंद्र की कार्यकर्ता कुसुमलता व इस्लामनगर के चिचौटा केंद्र की सहायिका बबिता गौतम के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया कि संबंधित केंद्रों का नियमित संचालन नहीं हो रहा था।
पोषाहार घर पर रखा जा रहा था, कर्मचारी केंद्रों से अनुपस्थित मिल रहे थे और साफ-सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं थी। इसके अलावा बच्चों की उपस्थिति, स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का सही रखरखाव नहीं किया जा रहा था। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के आवेदनों की फीडिंग लंबित थी और पोषण ट्रैकर भी समय से अपडेट नहीं किया जा रहा था। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।