बिना सूचना विद्यालयों से चल रहे थे नदारद
जिले में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक बिना किसी सूचना के विद्यालयों से नदारद चल रहे हैं। ऐसे तीन शिक्षकों को बीएसए पीसी यादव ने सेवा समाप्ति का नोटिस दिया है।
सूबे में सत्ता परिवर्तन के साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शिक्षकों और कर्मचारियों को अपने कार्य ईमानदारी से करने का आदेश दिया है। जबकि सहसवान ब्लाक के दो शिक्षक और दहगवां में एक शिक्षक लंबे समय से बिना किसी सूचना के विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। इस संबंध में संबधित ब्लाक के एनपीआरसी ने अपनी रिपोर्ट में बीएसए को शिक्षकों के बारे में जानकारी दी है। इन शिक्षकों को विद्यालय में शिक्षण कार्य न कराने और बिना किसी सूचना के विद्यालय न पहुंचने पर बीएसए ने संबधित ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी से शिक्षकों को एक सप्ताह के अंदर उपस्थिति दर्ज कराने का आदेश दिया। साथ ही यदि शिक्षक उपस्थिति नहीं होते हैं तो इसी आदेश को उनकी सेवा समाप्ति का आदेश माना जायेगा।
दहगवां ब्लाक के अलहादपुर धोबई में एनपीआरसी के पद पर कार्यरत आगा अली द्वारा विद्यालय के कार्यों में शिथिलता बरतने में दोषी पाए जाने पर बीएसए ने उन्हें एनपीआरसी के पद से मुक्त करते हुए तत्काल प्रभाव से मूल विद्यालय में पद ग्रहण करने का आदेश दिया है। ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी को नए एनपीआरसी का चयन करने का आदेश दिया है।