बदायूं। बिसौली थाना क्षेत्र के आसफपुर रेलवे परिसर में युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में कटा शव मिला है। सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी ने जांच की। शव पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेज दिया।
क्षेत्र के गांव द्वंदपुर निवासी मोहम्मद असरार का अविवाहित पुत्र मोहम्मद कैफ (20) बृहस्पतिवार रात घर से निकला था। शुक्रवार को उसका शव रेलवे परिसर में मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। जीआरपी ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। मृतक के परिजनों ने पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर युवक की मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमॉर्टम बरेली में कराया जा रहा हैं। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।