प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए को दिया ज्ञापन
स्वरूपनगर के शिक्षकों के निलंबन वापसी की मांग
बिल्सी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय स्वरूपनगर में ग्राम प्रधान के यहां से आए दूध को पीकर बीमार हुए बच्चों के मामले में शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया था। इसके विरोध में प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी बीएसए से मिले और मिड डे मील के दायित्व से शिक्षकों को एक सप्ताह के अंदर मुक्त किए जाने की मांग की। अन्यथा की स्थिति में शिक्षकों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रकेश यादव ने कहा कि शिक्षकों को एमडीएम, यूनीफार्म वितरण एवं अन्य कार्यों में लगाकर शोषण किया जा रहा है। इसका तात्कालिक प्रमाण स्वरूपपुर की घटना है, जहां ग्राम प्रधान के यहां से आए दूध को पीकर बच्चे बीमार हुए, जबकि निलंबन शिक्षकों का किया गया। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने निलंबित शिक्षकों को बहाल करने की मांग की। साथ ही गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की बात कही। इस दौरान जिला मंत्री शैलेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष सलमान खा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दामोदर सिंह, संगठन मंत्री राजीव सोलंकी, महिला संगठन मंत्री सोनी गुप्ता, सीमा यादव मौजूद रहीं।