आंगनबाड़ी वर्करों का रौद्र रूप देखकर पुलिस के तेवर रहे ठंडे
दो सितंबर से मालवीय आवास में धरने पर बैठीं आंगनबाड़ी वर्करों का रौद्र रूप शनिवार को देखने को मिला। बाल विकास परियोजना के नगर कार्यालय खुलने की सूचना पर तमाम आंगनबाड़ी वर्करों ने वहां पहुंचकर हंगामा किया। जानकारी पाकर सीडीपीओ मौके से खिसक गईं और वहां पर एक सहायिका और एक अन्य महिला मौजूद मिलने पर भड़की आंगनबाड़ी वर्करों ने तोड़फोड़ की। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बावजूद आंगनबाड़ी वर्करों ने सीडीपीओ कार्यालय में ताला जड़ने के बाद हंगामा काटा।
शनिवार को दोपहर करीब सवा 12 बजे आंगनबाड़ी वर्कर शहर में स्थित सीडीपीओ कार्यालय पहुंची और कार्यालय खुलने पर ऐतराज करते हुए उसे बंद करने की कोशिश की। वहां पर मौजूद एक सहायिका ने उन्हें ऐसा करने से रोका। साथ ही एक अन्य महिला ने उन लोगों को वापस जाने के लिए कहा। इस पर आंगनबाड़ी वर्करों का पारा चढ़ गया। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। सीडीपीओ और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पाकर सीडीपीओ मौके से पहले ही खिसक गई, जबकि उन दो महिलाओं को आक्रोशित आंगनबाड़ी वर्करों ने जमकर हड़काया।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आंगनबाड़ी वर्करों के तल्ख तेवरों को देखते हुए महिला एसओ को मय फोर्स के बुला लिया। इससे आंगनबाड़ी वर्करों में रोष बढ़ा, तो उन लोगों ने कार्यालय में मौजूद दोनों महिलाओं को पीटने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें अपनी जीप में बैठाकर सुरक्षित निकाला। इससे पहले एक महिला को कमरे के अंदर बैठाया तो वर्करों ने वहां का शीशा तोड़ दिया। इस दौरान आंगनबाड़ी वर्करों ने उन्हें जमकर भला-बुरा कहा। जिद पर अड़ी आंगनबाड़ी वर्करों ने सीडीपीओ कार्यालय में तालेबंदी करने के बाद ही वहां से हटने को तैयार हुईं। करीब आधा घंटा तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे में पुलिस के तेवर नरम नजर आए।
मालवीय आवास पर जारी रहा धरना
बदायूं। आंगनबाड़ी वर्करों का धरना प्रदर्शन मालवीय आवास में शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मिथलेश कुमारी, माया देवी शाक्य, कीर्ति सिंह, अर्चना गुप्ता, अर्चना सक्सेना, अर्चना कुमारी, रूप शीला, सुभाषिनी पाल, अफसाना खानम, ममता, गाजी फराह, प्रज्ञा आर्या, सुनीता यादव, सुधा उपाध्याय, प्रवेश कुमारी आदि तमाम लोग मौजूद रहे।