बदायूं। शहर में प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। जन्माष्टमी पर पुलिस लाइन में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जबकि एकादशी पर प्रमुख मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
जन्माष्टमी के बाद एकादशी पर मंदिरों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रवेश और निकास व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी का इस्तेमाल किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग कराई जाएगी।
पुलिस की तैयारी का एक अहम हिस्सा मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में वाहनों के दबाव वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो और जाम की स्थिति न बने, इसके लिए स्थानीय स्तर पर व्यवस्था की जाएगी। पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को किसी भी सूचना पर तत्काल सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी और एकादशी पर्व के लिए पुलिस की ओर से पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। उपनिरीक्षक, आरक्षी व महिला उपनिरीक्षक, आरक्षी की ड्यूटी लगाई गई है। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।