कासगंज में सांप्रदायिक हिंसा के दौरान मृत चंदन गुप्ता को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को कछला में बाजार बंद के आह्वान के साथ गंगाघाट तक कैंडल मार्च निकाले जाने के मद्देनजर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। बंद का आह्वान किसी संगठन की ओर से नहीं किया गया है। बुधवार को कसबे के ही आठ-नौ लोगों के सामूहिक हस्ताक्षरों वाला पत्र सबसे पहले नगर पंचायत कार्यालय में सौंपा गया फिर उसी की एक प्रति कोतवाली प्रभारी के नाम कछला पुलिस चौकी पर दे दी गई थी। इसी के चलते एलआईयू ने कछला जाकर हकीकत को जाना। कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार के अनुसार बंद को लेकर किसी ने भी पत्र नहीं सौंपा है। जानकारी मिली थी, उसके आधार पर पता कराया गया लेकिन कोई ऐसी बात नहीं है जो कानून व्यवस्था के दिक्कत पैदा करे। फिर भी सतर्कता में कमी नहीं छोड़ी जाएगी। बार्डर की वजह से पुलिस पहले से ही सतर्क है।
गन्ना किसानों ने भी किया आंदोलन तेज करने का एलान
उझानी। गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कछला चौराहे के पास तीन दिन से धरने पर बैठे भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता गुरुवार को ही आंदोलन तेज करने का एलान कर चुके हैं। यूनियन के जिला उपाध्यक्ष जुगेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को वह गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को चौराहे पर रोकेंगे। गन्ना लदी ट्रैक्टर-टॉलियों को कासगंज जिले में सोरों कोतवाली क्षेत्र में न्योली शुगर मिल तक पहुंचने नहीं दिया जाएगा। इसे लेकर भी पुलिस की परेशानी बढ़ी हुई है। धरनास्थल पर बैठे यूनियन के कार्यकर्ताओं ने गन्ना अफसरों और चीनी मिल अफसरों के खिलाफ नारेबाजी भी की।
बंद को लेकर किसी ने भी पत्र नहीं सौंपा है। जानकारी मिली थी, उसके आधार पर पता कराया गया लेकिन कोई ऐसी बात नहीं है जो कानून व्यवस्था के दिक्कत पैदा करे। फिर भी सतर्कता में कमी नहीं छोड़ी जाएगी। बार्डर की वजह से पुलिस पहले से ही सतर्क है।
- राजीव कुमार, कोतवाली प्रभारी
‘चंदन गुप्ता को दिया जाए शहीद का दर्जा’
बिल्सी। कासगंज में तिरंगा यात्रा के दौरान हुए उपद्रव में चंदन गुप्ता की कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बुधवार को नगर के व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद करके उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना। व्यापारी नेता अवधेश लड्डा के नेतृत्व में व्यापारियों ने तहसील पहुंचकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम लालबहादुर सिंह को संौंपा। जिसमें उन्होंने चंदन गुप्ता के हत्यारों को फांसी एवं चंदन को अमर शहीद का दर्जा दिलाए जाने की मांग की। इस मौके पर गोपाल वार्ष्णेय, अनूप जैन, अमित माहेश्वरी, वंटी माहेश्वरी, डा.विनीत वार्ष्णेय, आकाश मालू, अजय माहेश्वरी, सतीश माहेश्वरी, चंद्रसैन माहेश्वरी, सुनील सोमानी, अशोक कुमार, राजीव असावा, वितेंद्र जैन, सुमित लड्ड़ा, भुवनेश कुमार आदि मौजूद रहे।