सिलहरी। सरकारी काम में रूचि न लेने व शराब के नशे में ऑफिस आने की शिकायत बीडीओ ने उच्चाधिकारियों से की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उनकी जांच कराई गई तो प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए डीपीआरओ ने उनको तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सालारपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत भिदुलिया, प्लासी, उसैता, अंबियापुर, अनुगुईया, मई रजऊ पर ग्राम पंचायत अधिकारी धीरेंद्र पाल की तैनाती थी। गांव में कभी न जाने व विकास कार्य में रूचि न लेने की प्रधानों ने बीडीओ नितिन कुमार से शिकायत की। बीडीओ ने मामले को उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कराई गई तो मामला सही पाया गया। इसी को लेकर शनिवार को सचिव धीरेंद्र पाल को डीपीआरओ ने निलंबन की कार्रवाई की है।
विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में भी नहीं आते थे सचिव
बीडीओ नितिन कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव धीरेंद्र पाल विकास खंड स्तर पर होने वाली समीक्षा बैठकों में कभी भी शामिल नहीं होते थे। इस कारण उन्हें आवंटित क्लस्टर की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की समीक्षा नहीं हो पाती है। अधिकारियों ने उन्हें कई बार मौखिक और लिखित रूप से बैठकों में शामिल होने के निर्देश दिए, लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हो सका।