बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बदायूं-मथुरा हाईवे पर सोमवार रात को बहेड़ी और बड़े सरकार के बीच हुए कार हादसे में घायल दूसरे युवक कुशांशु (21) की भी मौत हो गई। बरेली में उपचार के दौरान सोमवार देर रात को उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव को अपने साथ ले गए।
हादसा रविवार देर रात करीब दस बजे हुआ था। बदायूं के आदर्श नगर निवासी सात दोस्त कार से फिल्म देखने जा रहे थे। रास्ते में बहेड़ी और बड़े सरकार के बीच बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलट गई और उसमें सवार युवक दब गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से सभी युवकों को कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में प्रेम उर्फ सक्षम गुप्ता (21) को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था, जबकि उदय (20), वंश गुप्ता (21), अमन शर्मा (25), कुशांशु (21) और अर्शित घायल हो गए थे। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि कुशांशु की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया।