गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी भैंसों से भरी कैंटर। संवाद
इस्लामनगर। चंदौसी रोड स्थित सिठौली गांव के पास स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में स्कूटी सवार की मौत हो गई। एक अन्य बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के गढ़ी खानपुर निवासी गंगाराम अपने मामा के घर जखौरा से स्कूटी से घर लौट रहे थे। शुक्रवार को चंदौसी रोड स्थित सिठौली के पास उनकी स्कूटी सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में गंगाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। गंगाराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गंगाराम की तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियों का विवाह हो चुका है। बेटा अभी अविवाहित है। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम का माहौल है।
गंगा एक्सप्रेस-वे पर पलटा कैंटर, चालक घायल
रेहड़िया। गंगा एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक और दुर्घटना में भैंसों से भरा कैंटर गंगा एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित होकर पलटने से उसका चालक घायल हो गया और एक भैंस की मौत हो गई। कैंटर में 12 भैंसें और चार कटियां लदी थीं।
घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र में हरनाथपुर व भटानी गांव के बीच शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे हुई। घायल हुए अयोध्या निवासी चालक विनोद यादव (35) की पसलियों में चोटें आईं। भैंसों को भी चोटें आई हैं। किसी ने इस हादसे की सूचना 112 पर पुलिस को दी। वजीरगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन से कैंटर को सीधा कराया।
भैंस व्यापारी जुनैद आदिल ने बताया कि जिला गोरखपुर की नारायणपुर बाजार से भैंस लेकर वह मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के गांव जोला जा रहे थे। मृत भैंस को दफन कराने के बाद वह बाकी भैंसें कैंटर से ही लेकर चले गए। यहां बता दें कि कुछ दिनों पहले इसी स्थान पर डबल-डेकर बस पलटी थी। संवाद