रेहडिया। थाना वजीरगंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंगा एक्सप्रेस-वे पर गांव कंजुआ पस्तौर के पास 160 किलोमीटर बिंदु पर चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई थी। कार चला रहे विजय मोहन वर्मा (63) पुत्र प्यारेलाल वर्मा निवासी तहसील के निकट, सरधना (मेरठ) अपनी पुत्री के घर उझानी से लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर गंगा एक्सप्रेस-वे की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को वजीरगंज सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर थाना वजीरगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच की। हादसे की वजह चालक को यात्रा के दौरान नींद की झपकी आना बताई जा रही है। संवाद