गूंज सामाजिक जन कल्याण शिक्षा समिति की देखरेख में ट्रेनिंग शुरू
गूंज सामाजिक जन कल्याण शिक्षा समिति ने पंजाबी बारात घर में छात्राओं को सिलाई-कढ़ाई सिखाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण शिविर शुरू किया। एक महीना चलने वाले शिविर के पहले दिन पंजीकृत छात्राओं समेत 25 महिलाओं ने सिलाई और कढ़ाई के गुर सिखाए गए।
समाज सेविका रिया मनीष गोयल ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। समिति के अध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता और वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशनचंद्र शर्मा ने प्रतिभागियों को ट्रेनिंग से जुड़े संसाधन मुहैया कराए। उन्होंने ट्रेनिंग के दौरान प्रशिक्षिकाओं समेत संसाधनों पर होने वाले खर्च को समिति की ओर से उठाने का भी ऐलान किया। कहा कि सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण लेने के बाद छात्राओं और महिलाओं की आमदनी में इजाफा होगा। आत्मनिर्भर बनकर वह घर-परिवार के संचालन में अहम भूमिका भी निभा सकती हैं। भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सुजाता माथुर को शिविर के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह प्रशिक्षिकाओं के साथ प्रतिभागियों का सहयोग करेंगीं। समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत भी किया गया। इस मौके पर सराफ मनीष गोयल, पंकज सचदेवा, श्वेता छाबड़ा, अनमता खांन, दीक्षा छाबड़ा, मीरा यादव, नीरू, चारू और कशिश खान आदि मौजूद रहीं।