स्कूलों में हुए शीतकालीन अवकाश का असर सीधा शिक्षण कार्य पर पड़ा है। एक महीने से अधिक पड़ी छुट्टियों के चलते तमाम स्कूलों में कोर्स लटका हुआ है। बच्चे पिछला याद करा भी भूल गए हैं। वहीं शिक्षकों के सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है। चूंकि इस बार सेशन अप्रैल में शुरू कराना है, लिहाजा दोहरी समस्या समाने आकर खड़ी हो गई है।
भीषण ठंड ने 19 दिसंबर से स्कूलों में ताले जड़ दिए इस बीच कक्षा एक से आठ तक के स्कूल लगभग बंद रहे। वहीं बीच में ठंड को देखते हुए इंटर तक के स्कूलों को भी बंद रखा गया पर इन्हें तो खोल दिया गया लेकिन आठवीं के फिर भी बंद रखे गए। चूंकि गणतंत्र दिवस पर ढंग से स्कूल खोले गए तो अब पहाड़ जैसा अधूरा कोर्स परेशानी बनकर सामाने खड़ा हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी बेहतर रिजल्ट की अपेक्षा रखने वाले बच्चों पर पड़ा है। उनके अभिभावक भी परेशान है। चिंता है कि कही इस बार उनके बच्चे के रिजल्ट पर छुट्टियों का विपरीत असर न पड़ जाए। वहीं हिंदी माध्यम के स्कूल प्रशासन का कहना है कि इस बार अप्रैल में सेशन शुरू करने के आदेश हैं, वहीं बोर्ड परीक्षाएं भी सिर पर हैं। लिहाजा ऐसे में कक्षा आठवीं के बच्चों का निर्धारित समय में कोर्स पूरा करना और परीक्षा कराके बेहतर रिजल्ट देना चुनौती भरा है। अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों का कहना है कि पिछला याद कराया अधिकतर बच्चों के वॉश हो चुका है। उन्हें यूनिट टेस्ट कराए जा रहे, रिवीजन कराकर कोर्स कवर कराया जा रहा है।
ये बोले विद्यार्थी
छुट्टियां तो खूब हुईं, लेकिन अब कोर्स की चिंता सता रही है। एक महीने बाद स्कूल आए हैं तो सब कुछ नया सा लग रहा है।
-शारिक, छात्र
पहले से ही कोर्स अधूरा था। बीच में एक महीने की छुट्टियां पड़ गईं। वो भी जरूरी थीं। अब चूंकि स्कूल खुल गए हैं तो कोर्स पूरा कर रहे हैं।
- साहिल, छात्र
काफी दिनों बाद स्कूल आए हैं। अब एग्जाम की चिंता सता रही है। हालांकि छुट्टियों में घर में पढ़ाई की है। लेकिन फिर भी टेंशन बनी हुई है।
- तालिब, छात्र
स्कूल में ढंग से पढ़ाई हो रही है। सभी शिक्षक कोर्स पूरा करा रहे हैं। घर पर भी पढ़ाई कर रहे हैं। परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है।
-असद, छात्र
शीतकालीन अवकाश हुए हैं। इससे परेशानी जरूर खड़ी हुई है। लेकिन फिर भी तैयारियां की गई हैं। बच्चोें के लगातार यूनिट टेस्ट लिए जा चुके हैं। अब चूंकि स्कूल खुले हैं तो उनका रिवीजन कराते हुए यूनिट टेस्ट लिए जाएंगे। पूरी तैयारियां कराई जाएंगी, इसमें थोड़ी दिक्कतें तो जरूर आएंगी।
- पम्मी मेहंदीरत्ता, ब्लूमिंगडेल स्कूल
छुट्टियों की वजह से काफी असर पड़ा है। काफी हद तक बच्चों का कोर्स बचा है, हालांकि उसे पूरा कराने में शिक्षक जुट चुके हैं। लेकिन फिर भी दिक्कतें आ रही हैं। इधर, बोर्ड परीक्षाएं भी हैं, सेशन भी इस बार से जल्द शुरू हो रहा है। फिर भी कोशिश है कि सब समय से सुचारू ढंग से हो जाएं।
-डॉ. योगेश्वर सिंह, प्रधानाचार्य, एसके कॉलेज।
-अवकाश होने से कोर्स पर इफेक्ट तो पड़ा है। सभी स्कूलों में कोर्स पूरा कराने के आदेश दिए गए हैं। बच्चों को परीक्षा की तैयारियां कराने के लिए कहा गया है।
- कृपा शंकर वर्मा, बीएसए, बदायूं।