बदायूं। स्कूल वाहनों से हादसों की खबरें आम बात हैं। देहात क्षेत्र के ज्यादातर स्कूल डग्गामार वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। अगर छात्र-छात्राओं से भरा कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है तो प्रबंधन वाहन स्कूल का न होने की बात कह कर पल्ला झाड़ लेते हैं। हालांकि, शहर के स्कूल कॉलेजों के मामलों में ऐसा नहीं है। इसके बावजूद कई बार स्कूल वाहनों की फिटनेस सवालों के घेरे में आ जाती है। मंगलवार सुबह भी एक नामचीन स्कूल की बस दातागंज क्रॉसिंग की रेल लाइन पर खराब हो गई।
दातागंज की ओर से छात्र-छात्राओं को लेकर आ रही एक स्कूल बस मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे दातागंज रेल क्रॉसिंग पर रेल लाइन पर ही खराब होकर बंद हो गई। हालांकि, इस दौरान एक घंटे आगे-पीछे किसी गाड़ी का समय नहीं था। रेल रूट पर मालगाड़ियों की संख्या काफी कम है, लेकिन फिर भी इससे बस में मौजूद छात्रों में हड़कंप मच गया। रेल लाइन पर बस खराब होने से यहां कई वाहनों के फंसने जैसी स्थिति बन गई। चालक ने कई बार सेल्फ लिया। इसके बाद भी बस स्टार्ट नहीं हुई। तब छात्रों ने धक्का लगाकर बस को रेल लाइन से हटाया। बाद में मिस्त्री को बुलाकर बस को स्टार्ट किया गया। तब स्कूल की बस यहां से रवाना हो सकी।