-अखिलेश के निर्देश पर हुई कार्रवाई
सपा के जिला महासचिव सुरेश पाल सिंह चौहान के भतीजे अंकुुर चौहान की हत्या के आरोपी समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव को सपा से बाहर कर दिया गया। उनके साथ ही उनकी पत्नी अंबियापुर की ब्लाक प्रमुख विजेता यादव और पार्टी के नेता फखरे अहमद शोबी को भी निष्कासित कर दिया है। शोबी बदायूं सदर सीट से सपा टिकट के दावेदार थे लेकिन टिकट न मिलने पर उन्होंने बागी तेवर अपना लिए। सपा की स्थानीय इकाई ने उनके बारे में प्रदेश हाईकमान को सूचित किया कि वह बसपा प्रत्याशी को चुनाव लड़ा रहे हैं। इसको अनुशासनहीनता मानते हुए पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने यह कार्रवाई राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आदेश पर की। सर्वेश यादव पर कार्रवाई के पीछे माना जा रहा है कि सपा ने उनके हत्यारोपी होने के बाद पार्टी की छवि साफ-सुथरी रखने का संदेश देने के लिए यह कदम उठाया है। अंकुर चौहान की हत्या में सर्वेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शुक्रवार को सुबह सपा कार्यालय प्रभारी जिला सचिव बलवीर सिंह यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष को कार्रवाई की संस्तुति की रिपोर्ट भेज दी थी।उसके आधार पर निष्कासन किया गया है।