सर्राफ पिता-पुत्र से हुई पांच लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 25,700 हजार रुपये की नगदी, कुछ जेवर और एक काले रंग की पल्सर बाइक बरामद की है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकारी है। बदमाशों के फरार तीन साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।
म्याऊ निवासी रामकिशोर और इनके पुत्र सुखपाल वर्मा की जगत में सर्राफा की दो दुकानें हैं। पिता-पुत्र 12 मार्च को दुकानें बंद करके घर लौट रहे थे। रास्ते में अलापुर-भगराला के बीच दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने इनसे नगदी और जेवर समेत पांच लाख रुपये का माल लूट लिया था। एसएसपी सौमित्र यादव ने घटना का खुलासा करने के लिए स्वाट टीम को लगाया था।
पुलिस की स्वाट और सर्विलांस टीम बदमाशों की तलाश में लगी थी। रविवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि उसहैत रोड पर कोठा तिराहे के पास पांच बदमाश लूट के माल का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी करके पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बदमाशों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इनके पास से 25,700 रुपये की नगदी और लूटे गए कुछ जेवर बरामद हुए हैं। घटना का खुलासा करने वाली टीम के सदस्य इंद्रेश पाल सिंह, संदीप तोमर, कांस्टेबल सौरभ शुक्ला, विपिन, सुरेंद्र, मनोज कुमार, सुधीर, यशवीर सिंह को एसएसपी ने पांच हजार रुपये नगद पुरस्कार देने का ऐलान किया है।
यह बदमाश हुए गिरफ्तार
1.शमशुल निवासी कस्बा रजपुरा, संभल
2. नरवेश उर्फ डॉक्टर निवासी मई बूचन थाना अलापुर, बदायूं
3. गिरीश निवासी देवरखेड़ा थाना बनियाठेर, संभल
4. कुन्नू निवासी देवरखेड़ा थाना बनियाठेर, संभल
5. राहुल पटेल निवासी दहेमी थाना सिविल लाइंस, बदायूं
यह हुए फरार
1. बबलू यादव निवासी कोठा थाना अलापुर, बदायूं
2. परमेश्वरी निवासी सलेमपुर थाना अलापुर, बदायूं
3. राजीव निवासी किलाखेड़ा थाना उझानी, बदायूं
यह हुई बरामदगी
एक पल्सर बाइक काले रंग की, 25700 रुपये नगद, सोने के दो लॉकेट, एक मंगलसूत्र मय लॉकेट, पांच जोड़ी कुंडल, तन बेसर, एक नथ, एक सोने की चेन, एक जोड़ी चांदी की पाजेब
हिस्ट्रीशीटर हैं चार बदमाश
बदायूं। लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों में चार बदमाश हिस्ट्रीशीटर हैं। बबलू यादव के खिलाफ अलग-अलग थानों में छह मुकदमे दर्ज हैं। परमेश्वरी के खिलाफ चार अपराधिक मामले दर्ज हैं। राहुल पटेल के खिलाफ बरेली के अलग-अलग थानों में पांच और नरवेश के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।