विधान परिषद सदस्य पद के लिए सपा प्रत्याशी बनवारी सिंह यादव ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सपा प्रत्याशी के नामांकन के साथ ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हालांकि बाकी किसी पार्टी का कोई प्रत्याशी अभी सामने नहीं आया है।
सपा प्रत्याशी बनवारी सिंह यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव की अगुवाई में तमाम कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ता नारे लगाते हुए चल रहे थे। नामांकन से पहले पार्टी के गांधीनगर स्थित कार्यालय पर सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यह जिला सदैव समाजवादियों का गढ़ रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के साथ ही सपा जिलाध्यक्ष बनवारी सिंह यादव ने जिले के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ यहां सपा को मजबूत किया है, उसी का परिणाम है कि एक बार फिर पार्टी ने बनवारी सिंह यादव पर भरोसा जताकर प्रत्याशी बनाया है। बोले, हम सभी सपा कार्यकर्ता पिछले चुनावों की भांति इस चुनाव में भी समाजवादी पार्टी को जीत दिलाएंगे। नामांकन के समय राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत मधुचंद्रा, विधायक आशीष यादव, आशुतोष मौर्य, आबिद रजा, रामखिलाड़ी सिंह यादव, पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल, पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव, जिला महासचिव सुरेशपाल सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता शैलेश पाठक, ब्रजेश यादव, हिमांशु यादव, गुलफाम सिंह यादव, बलवीर सिंह यादव, सुषमा मौर्य, अबरार अहमद, नूरउद्दीन, आस मोहम्मद खां, संदीप सिंह, महेंद्र प्रताप, गिरीशचंद्र, सुमन चौहान, शांति देवी, नीलम यादव, राजू यादव, प्रभात अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
एमएलसी चुनाव के प्रेक्षक बदले
बदायूं। विधान परिषद निर्वाचन के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रेक्षक एएल जरहाड को निर्वाचन ड्यूटी से मुक्त कर उनके स्थान पर आईएएस अधिकारी कृष्ण कुमार दास को प्रेक्षक नियुक्त किया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया प्रेक्षक की व्यवस्थाओं के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी एवं जिला मनोरंजन कर अधिकारी को लगाया है। उनका मोबाइल नंबर 09431996555 है।
आदर्श आचरण संहिता का करें अनुपालन
बदायूं। एमएलसी निर्वाचन में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श आचरण संहिता के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी मतदेय स्थल पर कम से कम तीस मतदाताओं की संख्या होगी और कोई भी मतदेय स्थल सोलह किलोमीटर की सीमा से अधिक दूरी पर नहीं बनाया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभा कक्ष में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने एमएलसी निर्वाचन के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के संबंध में सुझाव और आपत्तियां मांगी, लेकिन बैठक में कोई भी आपत्ति प्राप्त न होने पर सभी 16 मतदेय स्थलों को सर्व सम्मति से स्वीकार कर लिया गया। बैठक में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव बलवीर सिंह यादव, बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष डा. क्रांति कुमार, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष धीरपाल कश्यप तथा बीजेपी के जिला मंत्री सुधीर श्रीवास्तव मौजूद रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढ़ंग से पूरा कराने के लिए सभी राजनीतिक दल आदर्श आचरण संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करें।